आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर 2 स्थित आरआइटी थाना क्षेत्र के रोड नंबर-13 में मंगलवार को रंगदारी की मांग को लेकर अपराधियों ने एक ज्वेलरी दुकान में घुसकर व्यवसायी पर जानलेवा हमला कर दिया. घटना में ज्वेलरी व्यवसायी प्रेम वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, कुछ अपराधी दुकान पर पहुंचे और व्यवसायी से रंगदारी की मांग करने लगे. जब दुकानदार प्रेम वर्मा ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चापड़ से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तत्काल नजदीकी नर्सिंग होम पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टीएमएच रेफर कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में मामला रंगदारी वसूली से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है.







