सरायकेला : विगत 6 अगस्त को आदित्यपुर थानांतर्गत गम्हरिया के ईश्वरलाल ज्वेलर्स दुकान में लूटकांड का पुलिस कभी भी खुलासा कर सकती है. पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जांच के दौरान कई अहम सुराग हाथ लगे हैं. एक टीम शहर से बाहर गयी हुई है, जिसके लौटने का इंतजार किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि एक टीम बिहार गई हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
विदित हो कि बीते 6 अगस्त को ग्राहक के वेश में आये तीन हथियारबंद अपराधी 15 से 20 लाख रुपये के जेवरात लूट कर फरार हो गए थे. घटना के बाद एसपी डॉ विमल कुमार ने मौके पर पहुंच कर खुद वारदात की जांच करते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया था. टीम ने अनुसंधान के क्रम में कई अहम सुराग इकट्ठे कर लिए हैं. बताया जा रहा है कि एसआइटी पिछले चार दिनों से दूसरे राज्य में छापेमारी कर रही है. सूत्र बताते हैं कि एसआइटी को इसमें सफलता भी मिली है. हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. बता दें कि घटना के बाद डीआइजी अजय लिंडा ने भी समीक्षा करते हुए तकनीकी सेल का गठन करते हुए जमशेदपुर पुलिस को भी अनुसंधान में शामिल किया था, साथ ही प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था. वैसे 15 दिन बीत जाने के बाद अब सभी की निगाहें पुलिस के खुलासे पर टिकी हैं.












