आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह दो किशोरों के लापता होने का मामला सामने आया है. जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह करीब पांच बजे मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे. परिजनों ने अपने स्तर पर आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर आदित्यपुर थाना में सूचना दी गई. लापता किशोरों में 12 वर्षीय मोहम्मद अशहद और अंश गुप्ता शामिल हैं. मोहम्मद अशहद का रंग गेहुंआ, लंबाई लगभग 4 फीट 11 इंच है. वह घर से काली टी-शर्ट और काली पैंट पहनकर निकला था. वहीं, अंश गुप्ता का रंग गोरा, लंबाई करीब 5 फीट 2 इंच है. उसने गुलाबी टी-शर्ट और काली पैंट पहन रखी थी. सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों किशोरों की तलाश शुरू कर दी है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है तथा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर खोजबीन जारी है. पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को दोनों किशोरों के संबंध में कोई जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना या उनके परिजनों को सूचना दें, ताकि उन्हें सकुशल घर पहुंचाया जा सके.







