आदित्यपुर : रामनवमी को लेकर सरायकेला जिले के आरआईटी थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक में उस वक्त अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गई, जब अचानक एक बंदर अधिकारियों के आगे रखे टेबल पर आ धमका. फिर क्या था, बैठक में शामिल सदस्यों ने जय श्रीराम के नारे लगाने शुरू कर दिये. हालांकि बाद में बंदर वहां से चला गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैठक में रामनवमी शांति पूर्वक मनाने की अपील की गई. थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि सभी अखाड़ा समितियों का भौतिक सत्यापन कर लिया गया है. कहीं से भी किसी तरह की अशांति भंग करने का प्रयास किया जाएगा तो वैसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाएगी. बैठक के दौरान कई बिंदुओं पर शांति समिति के सदस्यों ने थाना प्रभारी का ध्यान आकृष्ट कराया, जिस पर उन्होंने विधि सम्मत कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया. वहीं बैठक के दौरान साफ-सफाई का मुद्दा छाया रहा. लोगों में नगर निगम की कार्यशैली को लेकर नाराजगी भी दिखी.














