चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा राणा उर्फ शेखर राणा (22) के रूप में हुई है. वह राम बहादुर राणा का पुत्र है और वर्तमान में छायानगर, मानगो, थाना सीतारामडेरा, पूर्वी सिंहभूम जिले का निवासी बताया गया है. पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम चांडिल थाना क्षेत्र के भादुडीह स्थित एनएच-33 पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान पुलिस ने कृष्णा राणा को एक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल भी बरामद की. इस मामले में चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है. (नीचे भी पढ़ें)
थाना प्रभारी संतन तिवारी के मुताबिक, कृष्णा राणा का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है. पुलिस के अनुसार, वह करीब 10 दिन पहले ही ओलीडीह ओपी क्षेत्र में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में करीब ढाई वर्ष जेल में रहने के बाद बाहर आया था. जमशेदपुर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी उसके खिलाफ मोटरसाइकिल चोरी से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है. चांडिल पुलिस अब बरामद दोनों मोटरसाइकिलों के संबंध में जानकारी जुटा रही है. साथ ही आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और मोटरसाइकिल चोरी की अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है.






