आदित्यपुर: सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई. यहां फ्लैट नंबर 515 से कथित तौर पर गिरने से 18 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. मृतका की पहचान खुशबू कुमारी के रूप में हुई है. वह सतबोहनी क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, खुशबू अचानक साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी. उसने गार्ड को फ्लैट नंबर 515 में अपने एक परिचित से मिलने जाने की बात कही, जिसके बाद वह ऊपर गई. कुछ देर बाद उसके फ्लैट से नीचे गिरने की सूचना मिली. घटना के बाद आवासीय परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. (नीचे भी पढ़ें)

सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां किन परिस्थितियों में पहुंची थी. घटना से पहले फ्लैट में क्या हुआ तथा वह नीचे कैसे गिरी, इसकी भी जांच की जा रही है.

फिलहाल मामले को आत्महत्या के एंगल से भी देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस की जांच और आधिकारिक पुष्टि से पहले घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस फ्लैट में मौजूद लोगों और अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.




