जमशेदपुर : राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण एवं जनकल्याण संगठन की ओर से महिला दिवस सह होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. संगठन की प्रांतीय उपनिदेशक सह जमशेदपुर की समाजसेविका रानी गुप्ता के नेतृत्व में रविवार को गम्हरिया स्थित नारायण अपार्टमेंट में आयोजित समारोह में स्थानीय महिलाओं ने कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किये. (नीचे भी पढ़ें)
गम्हरिया थाना प्रभारी सुषमा यादव ने मुख्य अतिथि एवं गम्हरिया की मुखिया निरोला सरदार ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शुरुआत कराई. दोनों अतिथियों ने अपने संबोधन में वर्तमान परिस्थितियों से मुकाबला करने के लिए महिलाओं के सशक्तीकरण पर जोर दिया, साथ ही बेहतर शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य और बेहतर परिवार के निर्माण में महिलाओं के योगदान की प्रशंसा की. (नीचे भी पढ़ें)
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार नियंत्रण व जनकल्याण संगठन के महिला उत्थान के लिए कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन महिलाओं के विकास के लिए प्रयासरत रहते हुए उनके सशक्तीकरण में योगदान करेगा. कार्यक्रम में संगठन की नवनियुक्त प्रदेश सचिव नीतू सिंह, जिला उपाध्यक्ष राखी शर्मा व जसवीर कौर को उनके बेहतर कार्य के लिए सम्मानित भी किया गया.(नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय महिलाओं ने महिला सशक्तीकरण व समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ चढ़कर काम करने वाली समाजसेवी रानी गुप्ता को भी अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ व उपहार देकर सम्मानित किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में संगठन की प्रदेश एवं जिला इकाई के पदाधिकारियों एवं काफी संख्या में उपस्थित गम्हरिया व टायो क्षेत्र की महिलाओं ने योगदान किया.



