
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले में पिछले 24 घंटे से भी अधिक समय से जारी यास चक्रवात के प्रभाव से हो रही रुक-रुक कर बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इधर सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में जहां- तहां पेड़ गिरने और सड़कों पर जलजमाव होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं कई क्षेत्रों में विद्युतापूर्ति पूरी तरह से ठप्प रही. विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई जगह बिजली के तार पर पेड़ की डालियां टूट कर गिर गई हैं. जिसके मेंटेनेंस का काम चल रहा है. हालांकि इसके पीछे विभागीय लापरवाही भी कही जा सकती है. यास चक्रवात को लेकर पूर्व से ही मौसम विभाग की ओर से अलर्ट जारी किया गया था, लेकिन विभाग ने इसे गंभीरता से नहीं लिया. वहीं यास तूफान की जिले में जिस तीव्रता की संभावना जताई जा रही थी, उस तीव्रता से तूफान नहीं आया, फिर भी बिजली की परेशानियों से लोगों को जूझना पड़ रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

दूसरी ओर नगर निगम क्षेत्र में सीवरेज और ड्रेनेज सिस्टम के लिए खोदे गए गड्ढों को अधूरा छोड़े जाने का खामियाजा क्षेत्र के लोगों को उठाना पड़ रहा है. बारिश के कारण सभी वार्डों की स्थिति बदहाल हो चुकी है. सड़क सुरंग में तब्दील हो चुकी हैं. वहीं खरकई नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. निचले इलाकों की बस्तियों में बाढ़ का पानी घुसने से स्थिति और भी बदतर होती जा रही है. वैसे नगर निगम और जिला प्रशासन की ओर से चक्रवात को देखते हुए कई तैयारियां किए जाने का दावा किया गया था, जो जमीन पर कहीं नजर नहीं आयी.




