
सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले में उद्योग स्थापित करना हो तो आपको आयडा यानी आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी जो अब जियाडा के नाम से जानी जाती है, से अनुमति लेनी पड़ती है. वैसे जियाडा उद्योग के लिए जमीन भी मुहैया कराती है. लेकिन अगर जियाडा किसी के रैयती जमीन को उद्यमी को दे दे तो मामला गंभीर हो सकता है. ऐसा ही एक मामला आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित इंडस्ट्रियल एरिया के फेज- 1 का प्रकाश में आया है. जहां जियाडा ने एक रैयती जमीन पटेल इंजीनियरिंग वर्क्स को आवंटित कर दिया.

इसका प्लॉट नंबर 25/ 16, नॉर्थ साइड फर्स्ट फेज इंडस्ट्रियल एरिया आदित्यपुर है. वैसे इस कंपनी के मालिक का नाम धीरज पटेल बताया जा रहा है जबकि मूल रूप से यह जमीन रामेश्वर सरदार के नाम पर खतियान में दर्ज है. सरकारी रिकॉर्ड के अनुसार जमीन का खाता नंबर 206, प्लॉट नंबर 144 और थाना नंबर 128 दर्ज है. इसका हालिया रसीद भी रामेश्वर सरदार के नाम से ही कटा है. वैसे ये रैयत आदिम जनजाति में आते हैं. ऐसे में जियाडा द्वारा किन परिस्थितियों में उक्त भूखंड को उद्यमी को आवंटित किया गया यह जांच का विषय है.

हालांकि, रैयत के पौत्र साधु सरदार द्वारा इसको लेकर अपर समाहर्ता के न्यायालय में एक मामला दर्ज कराया गया है, जिसका केस नंबर एसएआर वाद संख्या 7/ 2018- 19 है. इधर लॉकडाउन के बीच उद्यमी धीरज पटेल अपने अन्य सहयोगी विमल साहू के साथ मिलकर उक्त भूखंड पर जबरन घेराबंदी का काम शुरू करवाने लगे. वहीं पीड़ित पक्ष द्वारा बीते 6 जून को इसकी सूचना आरआईटी थाना को दी गई. बावजूद इसके थाना की ओर काम बंद नहीं कराया गया, जिससे पीड़ित पक्ष आहत नज़र आए.

इधर पीड़ित पक्ष की ओर से गम्हरिया सीओ को अवगत करा दिया गया है. फिलहाल उक्त भूखण्ड पर निर्माण कार्य जारी है. पीड़ित पक्ष की ओर से बताया गया कि 6 जून को आरआईटी थाने को सूचित की गई लेकिन अब तक थाना की ओर से काम बंद नहीं कराया गया है, ना ही उन्हें शिकायत की कॉपी ही दी गई है.













