रांची : झारखंड में भाजपा की स्वाभाविक सहयोगी पार्टी के तौर पर आजसू काम करेगी. आजसू के साथ गठबंधन में भाजपा आने वाले लोकसभा और विधानसभा चुनाव में लड़ेगी. इस चुनाव की तैयारियों के निमित पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो की हुई मुलाकात में यह बातें तय हुई. सुदेश महतो के साथ करीब 20 मिनट की बातचीत हुई. इस दौरान आजसू को भी भाजपा के थिंक टैंक अमित शाह ने चुनाव के लिए तैयारी करने को कहा. आजसू के पास अभी एक सांसद है. आजसू ने दो लोकसभा सीट की मांग रख दी है, जिस पर बाद में विचार करने की बात कहीं गयी है. (नीचे भी पढ़ें)

वर्तमान में भाजपा ने आजसू को एक लोकसभा सीट गिरीडीह दी थी, जहां से चंद्रप्रकाश चौधरी सांसद है. अभी एक और सीट का डिमांड भाजपा से कर दिया गया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया है. 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद फिर विधानसभा चुनाव आने वाला है, जिसके बाद सीटों के बंटवारें पर बातचीत होगी. इस दौरान अमित शाह ने सुदेश महतो को साफ संदेश दिया कि साथ मिलकर चुनाव लड़ने से फायदा होगा और भाजपा उनको साथ लेकर चलना चाहती है. इस दौरान सुदेश महतो ने भी अपनी रजामंदी दे दी है और भाजपा के साथ ही चुनाव लड़ने की बात कहीं है, लेकिन सम्मान के साथ कोई समझौता नहीं किया जायेगा, यह भी सुदेश महतो ने कह दिया है. फिलहाल, अभी चुनाव में देरी है, लेकिन भाजपा ने अपने सहयोगी दलों को भी साधना शुरू कर दिया है.











