चाकुलिया : विधायक समीर कुमार मोहंती ने मंगलवार को सदन में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं से जुड़े एक महत्वपूर्ण विषय को उठाया. उन्होंने कहा कि एकीकृत बाल विकास सेवा (आइसीडीएस) कार्यक्रम के अंतर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में कार्यरत आंगनबाड़ी सेविका–सहायिकाएं समाज की महत्वपूर्ण सामुदायिक कार्यकर्ता हैं, जो बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा में अहम भूमिका निभाती हैं. विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया कि सेवा समाप्ति के समय आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं को एकमुश्त सहायता राशि देने का प्रावधान किया जाए. (नीचे भी पढें)
साथ ही, यदि किसी सेविका या सहायिका की आकस्मिक मृत्यु हो जाती है तो उनके परिवार को अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि वर्षों से समर्पित भाव से कार्य कर रही इन कर्मियों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनके योगदान का सम्मान हो और उन्हें भविष्य के प्रति सुरक्षा का भरोसा मिल सके.







