Bahragoda : विधानसभा स्तरीय लाभार्थी सम्मेलन रविवार को बहरागोड़ा स्थित नेताजी पार्क संग्लन शाखा मैदान में आयोजित हुआ. सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विद्युत वरण महतो और विशिष्ट अतिथि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी उपस्थित थे. सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार एवं राज्य की रघुवर सरकार ने मिलकर झारखंड का विकास कर राज्य को एक पहचान दी है. भाजपा नीत डबल इंजन की सरकार ने राज्य के हर गांव तक विकास की किरण पंहुचाने का कार्य किया है. बहरागोड़ा विधानसभा के हर गरीब परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पंहुचा है. राज्य में ऐसा कोई गांव नहीं है, जंहा प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जला योजना, शौचालय, आयुष्मान योजना, कृषि आशीर्वाद योजना समेत अन्य जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिला है. जो गरीब परिवार इन योजनाओं का लाभ पाने से वंचित हैं, उन्हें भी जल्द सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा. कार्यक्रम में डॉ दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए ग्रामीण संगठित होकर आगामी विधानसभा चुनाव में अपना बहुमूल्य वोट देकर पार्टी को सत्ता में लायें, तभी राज्य और क्षेत्र का विकास होगा. सम्मेलन में शैलेंदर सिंह, दिनेश साव, शंभु मल्लिक, चंडी चरण साव, समीर मोहंती समेत कई नेताओं ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम का संचालन बहरागोड़ा मंडल अध्यक्ष बाप्टू साव ने किया. इस अवसर परर सुदीप पटनायक, रंजीत बाला, शतदल माहतो, गौर चंद्र पात्र, रघुनाथ दास, दुर्गा गिरि, राजकुमार कर, तपन ओझा, मिहिर दलाई, मिंटू नायक, राधा गोविंद भोक्ता, डॉली मुर्मू, संध्या मंगल, संध्या रानी सरदार, दीपंकर साव, कौशिक माइती, हेमकांत भुइयां समेत काफी संख्या में महिला एवं पुरुष लाभार्थी व पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे.





