बहरागोड़ा : झारखंड राज्य स्थापना पखवाड़ा के तहत कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग द्वारा सोमवार को बहरागोड़ा प्रखंड स्थित बिरसा कृषक पाठशाला सह कृषि प्रक्षेत्र में प्रखंड स्तरीय किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. मेले में विधायक प्रतिनिधि असित मिश्रा, प्रखंड विकास पदाधिकारी केशव भारती, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बीटीएम,पाटपुर राजलाबांध पंचायत के मुखिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम का आयोजन पूर्वी सिंहभूम आत्मा के परियोजना निदेशक की ओर से किया गया. किसान मेला में क्षेत्र के किसानों ने भाग लिया और कृषि से जुड़ी नवीनतम तकनीकों, उन्नत बीज, सरकारी योजनाओं और आधुनिक खेती के तरीकों के बारे में जानकारी प्राप्त की. प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों की गतिविधियों से अवगत कराया गया, जिससे वे अपनी आय और आजीविका को और अधिक सुदृढ़ कर सकें. प्रखंड में किसानों को सशक्त बनाने और जागरूक करने के उद्देश्य से कृषि मेला व जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है. मौके पर राजू सरकार,दीपक, भवतारण कुमार, रतन कुमार समेत अन्य किसान मित्र और कृषक उपस्थित थे.












