
चाकुलिया : बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती ने शुक्रवार को शिक्षा मंत्री जगन्नाथ महतो से मिलकर अपने विस क्षेत्र की शिक्षा से संबंधित समस्या से जुड़ा 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा. सौंपे गये ज्ञापन में सरकारी विद्यालयों और कस्तूरबा विद्यालयों में क्षेत्रीय भाषा की पढ़ाई शुरू करने, विद्यालय कार्यावधि सुबह 8 से 2 बजे के बदले 10 से 4 बजे तक किये जाने, शैक्षणिक सत्र जनवरी से दिसंबर करने और शैक्षणिक प्रारूप में पास और फेल लागू करने, शिक्षकों को गैर शैक्षणिक कार्य से मुक्त करने, शिक्षकों को मध्याह्न भोजन कार्य से मुक्त किये जाने और चावल उठाव और मद राशि कि अंकेक्षण सरस्वती वाहिनी संचालन समिति से कराये जाने, सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए बायोमिट्रिक उपस्थिति की अनिवार्यता समाप्त करने, शिक्षकों का गृह जिला में स्थानांतरण करने, बंद विलय विद्यालय का अधतन सर्वेक्षण तीसरे पक्ष से करवाकर पुन: खोलने, कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में पुरुष शिक्षकों की नियुक्ति नहीं करने समेत अन्य मांगें शामिल हैं. बताया गया कि इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विधायक को आश्वस्त किया है कि उनकी मांगों पर विभाग द्वारा जल्द कार्रवाई की जाएगी.















