
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिला के कुचाई थानान्तर्गत बैंक के समीप 21 वर्षीय राजकिशोर मुंडा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. इस घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच में जुट गयी है. मृतक राजकिशोर मुंडा करालोर गांव का रहनेवाला था. वह शादीशुदा था तथा उसका एक बच्चा भी है. इस घटना के संबंध में एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि राजकिशोर मुंडा ससुराल गया था. वहां से माघे मेला देख लौट रहा था तभी धारदार हथियार के वार से उसकी हत्या की गयी है. लेकिन उन्होंने नक्सली या आपराधिक घटना में हत्या की बात से अभी इंकार किया है. किसी विवाद के कारण हत्या होने की बात सामने आ रही है. हालांकि पुलिस की अनुसंधान अभी जारी है.














