
चाईबासा : बुधवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के गितिलिपी ग्राम के सहायक मुण्डा सोना सवैया द्वारा दूरभाष पर सूचित किया गया कि एक अज्ञात महिला जिसकी उम्र करीब 65 वर्ष होगी, विगत कुछ समय पूर्व से गितिलिपी ग्राम के डांगिल निवास के पास चाईबासा-झींकपानी मुख्य सड़क के किनारे प्लास्टिक की छोटी झोपड़ी में रह रही थी, उसका शव पड़ा हुआ है। उसके सिर पर गहरे चोट का निशान तथा खून बह रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त स्थल पर जाकर सत्यापन किया तो घटना को सही पाया. पुलिस ने करीब 65 वर्षीय एक अज्ञात महिला का शव गितिलिपी गांव के डंगिल निवास के पास मुख्य सड़क के किनारे स्थित पुराने शीशम पेड़ के नीचे गढ्ढे में पड़ा हुआ बरामद किया गया। शव के निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि उक्त महिला के सिर पर गहरी चोट है, संभवत: काफी खून बहने के कारण उसकी मृत्यु हो गयी। जांच के क्रम में महिला के शव के पास से दो खून लगा पत्थर पाया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है। इस संबंध में स्थानीय ग्रामीण मुण्डा के बयान पर मुफ्फसिल थाना मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया है। मृतका के शव का पंचनामा तैयार कर अन्त्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल चाईबासा भेजा दिया गया। मृतका की पहचान अब तक नहीं हो पायी है। शव की पहचान कराये जाने का प्रयास किया जा रहा है।













