अनिल कुमार/बोकारो : प्रदेश अध्यक्ष हटाओ, कांग्रेस बचाओ अभियान की अगुआई कर रहे कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आलोक दुबे आज अपनी पूरी टीम को लेकर बोकारो पहुंच गये. यहां उन्होंने पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश सचिव साधुशरण गोप के सेक्टर 12 स्थित कार्यालय में बैठक की. उन्होंने इस दौरान उपस्थित लोगों के साथ पार्टी के अंदरूनी हालात पर विचार-विमर्श किया. बाद में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अगर सच कहना बगावत है तो समझो हम भी बागी हैं. उन्होंने कहा कि आगामी 30 एवं 31 दिसंबर को वे प्रदेश के सभी जिलों से कांग्रेसियों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल से मिलने जायेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

आलोक दुबे ने कहा कि हमारा एक ही मकसद है राज्य में कांग्रेस को बचाना. उन्होंने कहा कि इसके लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को हटाना बेहद जरूरी है, क्योंकि वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में प्रदेश में पार्टी खत्म होती नजर आ रही है. केसी वेणुगोपाल की भारत जोड़ो यात्रा पर प्रदेश कांग्रेस की तारीफ किये जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केसी वेणुगोपाल को अंधेरे में रखकर जानकारियां दी जा रही हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर पर कार्यकर्ताओं के बीच जाने से डरने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसी से हम आज बोकारो से विरोध की शुरुआत कर रहे हैं. इसी के कारण जिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर अपनी एक अलग बैठक रख दी, ताकि कार्यकर्ता इस विरोध में नहीं आ सकें. उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर पर एक बार फिर आरपीएन सिंह के इशारे पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेंगे.











