अनिल कुमार/बोकारो : राज्य सरकार द्वारा कोर्ट फीस में की जा रही बेतहाशा वृद्धि के खिलाफ जिले के सभी अधिवक्ताओं ने आज न्यायिक कार्यों से खुद को अलग रखा. अधिवक्ताओं का यह विरोध आगामी 8 जनवरी तक जारी रहेगा. 8 जनवरी को झारखंड स्टेट बार काउंसिल के निर्णय के बाद यह विरोध खत्म होगा. इस दौरान अधिवक्ता कोर्ट में किसी तरह के न्यायिक कार्य में हिस्सा नहीं लेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

अधिवक्ताओं के कार्य बहिष्कार से कोर्ट का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. बोकारो डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय श्रीवास्तव एवं महासचिव अनिमेष चौधरी ने कहा कि कोर्ट फीस में वृद्धि किये जाने से सभी को परेशानी हो रही है. इसके कारण लोग कोर्ट में हाजिरी तक देने में सफल नहीं हो पा रहे हैं. इसको लेकर राज्य के मुख्यमंत्री से लेकर राज्यपाल तक गुहार लगाई जा चुकी है, लेकिन इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं हुआ है. उन्होंने कहा कि सरकार जब तक बढ़ी कोर्ट फीस वापस नहीं लेती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा.




