चाकुलिया : चाकुलिया और कोकपाड़ा के बीच स्थित सुनसुनिया रेलवे फाटक के समीप सोमवार को जंगली हाथी के हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया. घायल व्यक्ति को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोमवार को रेलवे फाटक के पास अचानक एक जंगली हाथी पहुंच गया. इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक व्यक्ति पर हाथी ने हमला कर दिया. हाथी के हमले से मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ मच गयी. हालांकि कुछ ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए घायल व्यक्ति को हाथी के चंगुल से बचाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया. इसके बाद उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. वन अधिकारियों ने आसपास के गांवों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है. विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे हाथियों के नजदीक न जाएं, सुरक्षित दूरी बनाए रखें तथा जंगल और वन क्षेत्रों से सटे इलाकों में अकेले आने-जाने से बचें. ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ी है, जिससे लोगों में भय का माहौल है. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों के बढ़ते आतंक पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने और स्थायी समाधान निकालने की मांग की है. फिलहाल घायल व्यक्ति की पहचान और उसकी स्वास्थ्य स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.







