अनिल कुमार / बोकारो : बोकारो स्टील में काम करने वाले ठेका मजदूरों के वेज रिवीजन सहित अन्य मांगों को लेकर बोकारो इस्पात कामगार यूनियन (एटक) के ठेका मजदूर प्रकोष्ठ के बैनर तले मजदूरों ने बोकारो स्टील प्लांट के सीजेड गेट के पास एकदिवसीय महाधरना दिया-प्रदर्शन किया। इससे पहले एटक के द्वारा दो दिनों तक गेट के बाहर प्रदर्शन किया गया । आज इसको लेकर महाधरना दिया जा रहा है और आगे प्लांट के अंदर सभी ठेका मजदूरों को एकजुट कर प्रबंधन के खिलाफ आंदोलन करने की तैयारी की जाएगी। (नीचे भी पढ़ें और वीडियो देखें)
इस दौरान नेताओं ने कहा कि प्लांट के अंदर काम करने वाले ठेका मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दिया जा रहा है और ना ही उनको किसी तरह की सुविधा दी जा रही है। जबकि ठेका मजदूर प्लांट के सभी महत्वपूर्ण काम में अपना योगदान दे रहे हैं। बोकारो इस्पात कामगार यूनियन के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि हम चाहते हैं कि मजदूरों का वेज रिवीजन हो उनको अन्य सामान्य मजदूरों की तरह सभी सुविधाएं मिले और उनको यह गारंटी दिया जाए कि ठेकेदार अगर बदले भी जाए तो मजदूरों को नहीं बदला जाए ताकि 60 साल की उम्र तक उन्हें काम करने का मौका मिले। उन्होंने कहा कि अगर प्रबंधन इस पर विचार नहीं करती है तो एक बड़ा आंदोलन खड़ा करने को हम लोग विवश होंगे।





