
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा शहर में 31वें सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम के अंतिम दिन शहर के विद्यालयों में अध्ययनरत छात्रों के द्वारा “सड़क सुरक्षा-जीवन रक्षा” के प्रति लोगों को सजग करने के उद्देश्य से मशाल रिले रैली निकाली गयी. यह मशाल रिले रैली एसपीजी बालक उच्च विद्यालय से प्रारंभ होकर स्कॉट विद्यालय, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, मांगीलाल रुंगटा प्लस टू उच्च विद्यालय, लुथेरन मध्य विद्यालय होते हुए पुनः एसपीजी बालक उच्च विद्यालय पहुंच कर संपन्न हुई. इस मशाल रिले रैली में एक विद्यालय के छात्रों के द्वारा दूसरे विद्यालय के छात्रों को मशाल सौंपते हुए शहर का भ्रमण किया गया एवं शहर वासियों को यातायात नियम का पालन करने, वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग नहीं करने, नशापान के उपरांत वाहन का प्रयोग नहीं करने आदि से संबंधित नारे के साथ जागरूक किया गया.







