
चाईबासा : नाई विकास मंच के आग्रह व विधायक दीपक बिरुवा के दिशा-निर्देश पर 41 नाई परिवार के बीच 10-10 किलो चावल वितरण किया गया। बुधवार को सरनाडीह चाईबासा में झामुमो नेता मधुर नाथ सुम्बरुई और वार्ड पार्षद हृदय शंकर बिरुवा के द्वारा चावल का पैकेट वितरित किया गया। झामुमो नेता मधुर नाथ सुम्बरुई ने कहा कि दो दिन पहले नाई विकास मंच ने विधायक श्री बिरुवा से से लॉकडाउन में नाई परिवार की समस्याओं को बताते हुए हर परिवार को चावल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। नाई विकास मंच के अध्यक्ष संजय ठाकुर ने बताया कि लॉकडाउन के कारण हम सभी की दुकानदारी प्रभावित होने से सभी रोजी-रोटी छिन गयी है। विधायक श्री बिरुवा द्वारा नाई विकास मंच चाईबासा के आग्रह पर सभी 41 नाई परिवार को चावल उपलब्ध कराया गया। इसके लिए अध्यक्ष संजय ठाकुर के अलावा कृष्ण प्रमाणिक, मनोज ठाकुर आदि ने विधायक के प्रति आभार जताया है।







