
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र के बीहड़ के नाम से जाने जाने वाले नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत जेटेया गांव में बुधवार को प्राथमिक स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र (Primary Health Community Center) और अतिरिक्त स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र (Additional Health Community Center) का सिंहभूम सांसद गीता कोड़ा और जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकू ने संयुक्त रूप से फीता काट व नारियल फोड़ कर उद्घाटन (Inaugaration) किया. इससे सुदूरवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी लौटी और ग्रामीणों ने पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा व सांसद गीता कोड़ा को दुआ दी. वहीं अतिरिक्त स्वास्थय केंद्र भवन का उद्घाटन के बाद पौधा रोपण भी किया गया.
इस दौरान सभी अतिथियों द्वारा एक-एक पेड़ लगा कर पर्यावरण को बचाये रखने का संदेश दिया गया. इस दौरान सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि नोवामुंडी प्रखंड के अंतर्गत जेटेया पंचायत पूर्ण रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्र है और यह महत्वपूर्ण क्षेत्र माना जाता है. इस क्षेत्र में पांच पंचायत के लोगों को बेहतर इलाज के लिए 10-15 किमी की दूरी तय कर जाना पड़ता था. लेकिन अब क्षेत्र के ग्रामीणों को अपने ही गांव में बेहतर इलाज मिल सकेगा. खास कर प्रसूता महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था. अब वैसी परेशानी नहीं होगी. सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि यह भवन पूरा होने में कई वर्ष बीत गये, जिसके कारण लोगों को परेशानी हुई है, लेकिन वैसे भवन जो सीधे लोगों की सुविधाओं से जुड़े हैं उन भवनों को डीएमएफटी फण्ड से पूरा करने के लिए लगातार विधानसभा में आवाज उठाती रही और जिले के उपायुक्त के समक्ष प्रस्ताव रखा गया, जिसे उपायुक्त अरवा राजकमल ने गंभीरता से लेते हुए सहमति की मुहर लगाकर इन दोनो भवनों का निर्माण कार्य पुरा कराया.
इसके लिए सांसद ने उपायुक्त के कार्यो को सराहते हुए प्रशंसा भी की. वहीं सिविल सर्जन डॉ ओपी गुप्ता व डॉ संजय कुजूर के साथ वार्ता कर कहा कि इलाज से सबंधित सभी सुविधा उपलब्ध करायें और इस सुदूरवर्ती क्षेत्र के ग्रामीणों के इलाज में कोई कोताही न बरती जाये. उन्होने कहा कि आज हाटगम्हरिया प्रखंड व नोवामुंडी प्रखंड के जेटेया में दोनों भवन बनकर तैयार हो गये हैं और लोगों की सुविधाओं के लिए समर्पित कर दिया गया है. कार्यक्रम को देखते हुए जगन्नाथपुर एसडीपीओ प्रदीप उरांव के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया था. इस अवसर पर स्थानीय विधायक सोनाराम सिंकू, ग्रामीण मुण्डा, नोवामुण्डी प्रखंड अध्यक्ष मंजीत, सीएस डॉ ओपी गुप्ता, डॉ संजय कुजूर, डॉ इकबाल, संवेदक ईश्वरचंद विद्यासागर, सुमित महापात्र, अफताब आलम, चंचल यादव, लड्डू सिंह समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.








