
सरायकेला : धनबाद सांसद पीएन सिंह और विधायक राज सिन्हा का विरोध जारी है. सरायकेला के आदित्यपुर स्थित आकाशवाणी चौक पर कुड़मी सेना द्वारा दोनों नेताओं का पुतला फूंक कर विरोध-प्रदर्शन किया गया. वहीं कुड़मी सेना के नेताओं ने दोनों नेताओं पर झारखंड के शहीदों का अपमान करने का आरोप लगाते हुए तत्काल दोनों नेताओं से माफी मांगने की मांग की है. इस संबंध में कुड़मी सेना के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने बताया कि अगर दोनों नेता शहीद निर्मल महतो पर दिए गए विवादित टिप्पणी पर माफी नहीं मांगते हैं, तो विधायक राज सिन्हा को विधानसभा में प्रवेश करने नहीं दिया जाएगा और सड़क से सदन तक कुड़मी सेना इन नेताओं का विरोध जारी रखेगी.
आपको बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राज्य के मुख्यमंत्री ने धनबाद पीएमसीएच का नाम बदलकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज किए जाने की घोषणा की थी, साथ ही दुमका कॉलेज का नाम बदलकर शहीद फूलो- झानों के नाम की घोषणा की थी. वहीं धनबाद के सांसद पीएन सिंह ने यह कहकर इसपर विरोध जताया था कि निर्मल महतो का धनबाद से कोई वास्ता नहीं है. वहीं विधायक राज सिन्हा ने धनबाद से सांसद स्वर्गीय एके राय के नाम पर पीएमसीएच का नामकरण किए जाने की मांग की थी. वैसे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की घोषणा के बाद राज्य की सियासत एकबार फिर से गर्मा गयी है.








