चक्रधरपुर/मनोहरपुर : पश्चिमी सिंहभूम के आनंदपुर थाना की पुलिस ने सोमवार देर शाम गश्ती के दौरान बेड़ाकेंदुदा गांव के पास से नक्सलियों के नाम पर लेवी वसूलनेवाले दो बाइकों में सवार तीन हथियारबंद युवकों को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्तौल, खिलौना पिस्तौल के रूप में एक चाकू व एक दाउली बरामद किये गये. पुलिस ने मंगलवार को तीनों को सुसंगत धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. (नीचे भी पढ़ें)
बता दें कि पश्चिमी सिंहभूम जिला पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन हथियारबंद अपराधी युवक दो बाइकों में सवार होकर आनन्दपुर थाना क्षेत्र के डुमरिता गांव से घाटबाजार की ओर जा रहे हैं. इसके आलोक में आनंदपुर थाना प्रभारी विकास दुबे, एसआइ बोनीफास लकड़ा एवं सशस्त्र बल की टीम के साथ हाटगम्हरिया-कोलेबिरा मुख्य मार्ग पर बेड़ाकेन्दुदा के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों को रोका. पुलिस को देख कर तीनों ने पहले तो भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया.(नीचे भी पढ़ें)
तलाशी लेने पर तीनों के पास से निरल आशीष पुर्ती की पैंट में बायीं ओर कमर के पास खोसी हुई एक देसी पिस्तौल, चन्दन सिंह उर्फ दोमो सिंह की पैंट की कमर में बायीं तरफ खोसी हुई एक खिलौना पिस्तौल, जिसके अन्दर धारदार चाकू फिट किया हुआ है एवं संजू भोक्ता के पास से एक दाउली बरामद किये गये. पूछताछ के क्रम में तीनों ने बताया कि वे आनन्दपुर थाना क्षेत्र में लोगों एवं संवेदको को नक्सली संगठनों के नाम पर डरा धमकाकर पैसा ऐंठने एवं क्षेत्र में भय पैदा करने के उद्देश्य से हथियार लेकर घूम रहे थे. उल्लेखनीय है कि विगत कुछ दिनों से लगातर सूचना प्राप्त हो रही थी कि रात्रि में कुछ असामाजिक लोग हथियार लेकर आनन्दपुर थाना क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे एवं संवेदको अथवा उनके मुंशी के पास पहुंचकर हथियार के बल पर डरा धमका कर पैसों की मांग कर रहे थे. पुलिस की सक्रियता से उक्त सभी को कांड को अंजाम देने से पूर्व ही गिरफ्तार कर लिया गया.












