
रामगोपाल जेना
चक्रधरपुर : नगर परिषद कार्यालय में कार्यरत सफाई कर्मियों के लिए राहत की खबर है. शनिवार को चक्रधरपुर नगर परिषद के चेयरमैन केडी साह अहले सुबह लूंगी गंजी में ही कार्यालय पहुंचे एवं सफाई कर्मचारियों के समक्ष घोषणा की कि किसी भी कर्मचारी की छंटनी नहीं होगी. सफाईकर्मी काम पर जायें. सफाई कर्मियों ने जब बकाया वेतन की बात कही तो इस पर चेयरमैन ने कहा कि सोमवार से दो माह का वेतन देने की प्रक्रिया शुरू होगी. आप लोग काम पर जाइए. धीरे-धीरे सब ठीक-ठाक होगा. कहीं कुछ दिक्कत नहीं होगी. उन्होंने यह भी कहा कि जो भी समस्या का समाधान करना होगा नगर परिषद के चेयरमैन केडी साह और कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा ही होगा. अतः आप लोग निश्चिंत होकर काम करें, किसी को कोई दिक्कत नहीं होगी इसके बाद सभी कर्मचारी काम पर निकले.
विदित हो कि नगर पर्षद के सफाईकर्मियों का वेतन नहीं होने के कारण कर्मचारी परेशान तो थे ही पर इधर कुछ दिनों से छंटनी को लेकर भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई थी. शनिवार को छंटनी नहीं होने की घोषणा से मजदूरों ने राहत की सांस तो ली है ही पर बकाया वेतन को लेकर भी वे परेशान दिखे. इस पर भी चेयरमैन ने कहा कि आप सब निश्चिंत रहिए दो माह का भुगतान होगा. यहां पर यह भी बताना आवश्यक है कि विगत दिनों भी कर्मचारी हड़ताल पर जाने वाले थे, पर एन वक्त पर विधायक सुखराम उरांव के द्वारा 126 मजदूरों के बीच में प्रत्येक मजबूर दो-दो हजार रुपये का भुगतान किए जाने के बाद काम पर लौटे थे. विधायक श्री उरांव ने 2 लाख 52 हज़ार रुपये भुगतान किया था. खैर जो भी हो नगर परिषद चक्रधरपुर के लंबित वेतन की समस्या गंभीर है. इस पर लगातार किच-किच होती रहती है.







