रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : मोदी और शाह ने राजनीति की यह हालत कर दी है कि हर विपक्षी सरकारों को अपने विधायकों को लेकर दूसरे राज्यों में भागना पड़ रहा है. उक्त बातें आंबेडक राइट पार्टी ऑफ इंडिया के पूर्वी सिंहभूम लोकसभा प्रभारी रामहरि गोप ने कही. वह यहां इन दिनों झारखंड में राजनीतिक उथल-पुथल पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे. उन्होंने कहा कि केन्द्र सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों का गलत इस्तेमाल कर विपक्षी दलों के सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करता रहा है. अगर केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल सरकार को अस्थिर करने में असफल हो जाते हैं तो साम-दाम-दंड-भेद की नीति अपनाकर व विपक्षी दलों के विधायकों की खरीद-फरोख्त कर सरकार को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है. जिस राज्य में विपक्षी दलों की सरकार है वहां इस प्रकार की हरकत भाजपा अपने राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है. उन्होंने कहा कि मोदी-शाह से यह पूछा जाना चाहिए कि भाजपा के विधायकों और सांसदों पर कितनी ईडी और सीबीआई जांच करवायी है? भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, जिससे 2024 का चुनाव लड़ा जा सके. इसीलिए भाजपा इस प्रकार की हरकतें कर रही है.






