जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना अंतर्गत कांट्रेक्टर्स एरिया, रोड नंबर-2 निवासी मिलन कुमार अदेसरा की कार (मारुति इको) पिछले दिनों चोरी हो गयी थी. स्थानीय पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए कार को धातकीडीह से बरामद कर लिया है. साथ ही घटना में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में मिलन कुमार अदेसरा ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज करायी थी. उन्होंने बताया है कि घटना पिछले 23 अगसत की रात 10:10 से 10:13 बजे के बीच की है. घटना की जानकारी उन्हें 24 अगस्त की सुबह हुई. उन्होंने बताया था कि परिजनों व पास-पड़ोस में पूछने पर जब कुछ पता नहीं चला, तो उन्होंने अपने घर के सीसीटीवी को खंगाला. जिसमें देखा गया कि उक्त समय में एक व्यक्ति आया और उनकी कार को स्टार्ट कर लेकर चला गया. इस संबंध में सीसीटीवी के अधार पर उन्होंने स्थानीय पुलिस से उचित कार्रवाई का आग्रह किया था. इस मामले में पुलिस ने धातकीडीह निवासी मो खुर्शीद और बागबेड़ा निवासी नीरज गुप्ता को गिरफ्तार किया है. जानकारी के अनुसार खुर्शीद गाड़ी की चोरी व नीरज उसे अपने स्क्रैप टाल में खरीद कर उसके कल-पुर्जे बेच दिया करता था.







