
- बंदगांव प्रखण्ड में जारी है गरीबों का अनाज की कालाबाजारी
रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर : कालाबाजारी के लिए अनाज लेकर जा रहे टेम्पो को ग्रामीणों ने पकड़ा. ग्रामीणों ने कहा कि रात में लगभग 9 बजे गरीबों का अनाज केरा ले जाया जा रहा था. ग्रामीणों ने बताया कि भालियाडीह के राशन डीलर नरसिंह प्रधान की दुकान से लगभग 15 बोरा गेहूं टेम्पो में लादकर ले जाया जा रहा था. उसी क्रम में ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया. ग्रामीणों में उमापद प्रधान, कान्हूराम पूर्ति सचिन गागराई, सुदर्शन गागराई, प्रेम केराई समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे. रात में ही ग्रामीणों ने स्थानीय एसडीओ को इसकी जानकारी दी. (नीचे भी पढ़ें)

जांच करने पहुंचे बंदगांव सीओ सह प्रभारी एमओ अरुण सिंह, कार्रवाई का आश्वासन
इस मामले में बंदगांव के सीओ व प्रभारी एमओ अरुण सिंह जांच करने पहुंचे, जहां टेम्पो से राशन की अनाज बोरी की गिनती हुई, जिसमें कुल 11 बोरी अनाज सीओ ने जब्त किया है. ग्रामीणों को सीओ से आश्वशन मिला है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी. ग्रामीणों ने बताया कि कल जो अनाज लदा टेम्पो लेकर जा रहा था वह मोटाई केराई आज फरार है. ग्रामीणों ने बताया कि उसने राशन डीलर नरसिंह प्रधान का नाम बताया था. मौके पर जिला परिषद सदस्य बसंती पूरती भी पहुंची थी. बसंती पुरती ने कहा कि गरीबों का अनाज की कालाबाजारी के लिए ले जाना चिंता का विषय है. दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए, जो व्यक्ति अनाज ले जा रहा था वह फरार है. उसके सामने आने के बाद ही मामला साफ होगा कि अनाज किसके यहां से ले जाया जा रहा था.






