चाकुलिया : क्षेत्र के फेयर प्राइस शॉप डीलर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने बहरागोड़ा विधायक समीर महंती को अपना चार सूत्री मांग पत्र सौंपा है. दुकानदारों द्वारा विधायक के चाकुलिया कार्यालय में जाकर सौंपे गये मांग पत्र में जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों ने कहा है कि जन वितरण प्रणाली आदेश 2022 के अध्याय 3 की कंडिका -11(च) में जन वितरण प्रणाली दुकानदारों की मृत्यु 60 वर्ष से कम में होने पर ही अनुकंपा का लाभ दिये जाने की बात की गयी है. इस स्थिति में पूरे राज्य में 25 हजार दुकानदारों में लगभग 17000 दुकानदार 60 वर्ष की उम्र की सीमा पार कर चुके हैं. उनकी मृत्यु के बाद अनुकंपा का लाभ नहीं मिलने पर उनके परिवार बेसहारा हो जायेंगे. इसलिए डीलरों को अनुकंपा के मामले में उम्र की सीमा समाप्त की जानी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
मांग पत्र में इस पर विचार करते हुए अनुकंपा संबंधी प्रावधान पूर्ववत रखे जाने की मांग की गयी है. इसमें कहा गया है कि डीलरों को ना तो की मानदेय मिलता है और ना ही पेंशन दी जाती है. यही नहीं, जन वितरण प्रणाली के दुकानदारों को सिर्फ ₹1 प्रति किलो की दर से कमीशन मिलती है जिससे घर परिवार का भरण पोषण, दुकान का किराया, ई पॉस मशीन, वेइंग मशीन का मेंटेनेंस देना मुश्किल हो जाता है. ऐसे में ₹1 प्रति किलो के कमीशन को बढ़ाकर कम से कम ₹3 प्रति किलो करने समेत अन्य अनेक मांगें शामिल हैं. मौके पर संरक्षक मलय महंती, हरिशंकर महतो, अध्यक्ष दिलीप महतो, दिलीप राणा, रंजीत दास, अब्दुल राशिद समेत अन्य उपस्थित थे.



