
चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को प्रखंड प्रमुख सुमन मुर्मू की अध्यक्षता में पंसस और प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में पंचायत समिति के सदस्यों ने प्रखंड में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली. पंसस ने कहा कि सरकार द्वारा प्रखंड के पांच लेम्पसों पर सरकारी दर से किसानों को धान क्रय करने का आदेश दिया गया है, परंतु अब तक सरकारी एकरारनामा नहीं होने के बावजूद उन लैम्पसों में धान किस तरह लिया जा रहा है, यह जांच की विषय है. समिति के सदस्यों ने कहा कि बिना सरकारी एकरारनामा के कर्मी किसके आदेश से और क्यों किसानों से क्यों धान का क्रय कर रहे हैं. जन प्रतिनिधियों ने कहा कि बाल विकास परियोजना कार्यालय द्वारा बकाया सुकन्या योजना के लाभुकों के बीच सरकार द्वारा दी जाने वाली राशि का वितरण किया जाये. आज भी ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय के कई बच्चे सरकार द्वारा दी जाने वाली साईकिल का लाभ पाने से वंचित हैं. वैसे विद्यार्थियों को चिन्हित कर साइकिल दी जाये. बैठक में बीडीओ लेखराज नाग ने कहा कि बैठक में आयी समस्याओं का विभागवार जल्द समाधान कर लिया जायेगा. उन्होंने प्रखंड कार्यालय की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. बैठक में सीओ अरविंद ओझा, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू, बीईओ उदय नारायण चौधरी, पीएचइडी के जेई उदय नारायण शर्मा, उप प्रमुख रंजीत गोप, पंसस राजीव महापात्रा, रंजना मंडल, ज्योतिरानी गोस्वामी, दुलारी हेम्ब्रम, ललिता हांसदा, प्रताप महंती, कुंवर मांडी, कौशिक महतो समेत अन्य उपस्थित थे.







