चांडिल : झारखंड सरकार की ओर से सरायकेला-खरसावां एवं पूर्वी सिंहभूम जिले की खूबसूरती को बढ़ाने वाली दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी को और खूबसूरत बनाने की पहल की जा रही है. सरकार सैलानियों को आश्रयणी की ओर आकर्षित करने के लिए कई योजनाओं पर काम शुरू कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)
इसी सिलसिले में रविवार को सूबे के पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने दलमा का भ्रमण किया एवं वन विभाग के अधिकारियों के साथ मंत्रणा करते हुए इसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना तैयार कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया, ताकि सरकार के साथ ही वन विभाग को भी इसका लाभ मिले और वन्य प्राणियों का संरक्षण-संवर्धन हो सके. (नीचे भी पढ़ें)
मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए मंत्री श्री सोनू ने बताया कि सरकार दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी को और खूबसूरत बनाना चाहती है. यहां पर्यटकों के लिए ईको टूरिज्म के साथ-साथ मल्टीपरपस ईको टूरिज्म कॉटेज का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि दलमा के शीर्ष पर स्थापित प्राचीन मंदिरों का भी विकास किया जाएगा. गेस्ट हाउस के साथ-साथ कॉटेज को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा. इन सारे प्रस्तावों का मसौदा तैयार करने को कहा गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं क्षेत्र में हाथियों के आतंक के सवाल पर उन्होंने कहा कि मूल रूप से यह हाथियों का ही इलाका है. उनके आने-जाने के मार्ग के साथ किसी तरह की कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी. उन्हें पूर्व की तरह ही क्षेत्र में विचरण करने देना है. वन विभाग उनके लिए भोजन-पानी का प्रबंध करे, इसके निर्देश दिए गए हैं. इस योजना से भी वन्य प्राणियों को काफी लाभ पहुंचेगा. इस मौके पर जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी के साथ तमाम पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारी मौजूद रहे.











