
चाईबासा : राज्य सरकार की अनुमति मिलने के बाद शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में कपड़े व जूते-चप्पल की दुकानें खुल गयीं. लेकिन दूसरी ओर जिले के अन्य हिस्सों यानी चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, नोवामुंडी जैसे क्षेत्रों में दुकानें नहीं खुलीं. इस संबंध में जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि झारखंड सरकार के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह के द्वारा निर्गत आदेश के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुख्यालय शहर चाईबासा में शुक्रवार (19 जून) से कपड़ा से संबंधित दुकानें यथा रेडीमेड गारमेंट की दुकानें, होजरी की दुकानें और जूते-चप्पल की दुकानें खोली जा सकेंगी. अन्य कार्यवाही से संबंधित पूर्व के निर्देश के तहत प्राप्त छूट जिले में जारी रहेगी एवं पूर्व की सभी बंदिशें भी जिले में प्रभावी रूप से लागू रहेगीं. उपायुक्त अरवा राजकमल ने बताया कि उपर्युक्त आदेश पश्चिमी सिंहभूम जिले में सिर्फ मुख्यालय शहर चाईबासा में प्रभावी होगा एवं शेष अन्य चक्रधरपुर, जगन्नाथपुर, नोवामुंडी, मनोहरपुर जैसे क्षेत्रों सहित पूरे जिले (चाईबासा को छोड़कर) में उक्त दोनों दुकानें पूर्व की भांति बंद रहेंगी. उन्होंने इन क्षेत्रों के दुकान संचालकों से अपील करते हुए कहा है कि सभी राज्य सरकार द्वारा निर्गत निर्देश का सम्मान करते हुए इसका अक्षरशः पालन करें. दुकान खोलने से संबंधित सरकार द्वारा जारी की जाने वाली सभी सूचनाएं, सभी को ससमय उपलब्ध करवायी जायेंगी.







