नयी दिल्ली: रविवार को दिल्ली के विवेक विहार में एक चार-मंज़िला रिहायशी इमारत में आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए. मरने वालों में एक एक साल का बच्चा भी शामिल है. घटना के बारे में बताया जा रहा है कि आग एसी फटने की वजह से लगी. आग लगने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर 12 दमकल गाड़ियां भेजी गईं. मृतकों में नौ में से पांच के शव इमारत की दूसरी मंज़िल से बरामद किए गए, जबकि तीन अन्य सीढ़ियों की छत पर बनी छोटी कोठरी में मिले, जो अंदर से बंद थी. एक और व्यक्ति का शव पहली मंज़िल से बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़े)
पहली मंज़िल पर जान गंवाने वालों में नवीन की पत्नी शिखा जैन (45) का शव मिला. दूसरी मंज़िल पर मारे गए लोगों में छोटे लाल के बेटे अरविंद (60), अनीता जैन (58), निशांत जैन (35), आंचल जैन (33) और एक साल का एक बच्चा शामिल हैं.मृतकों में नितिन जैन, पत्नी शैले जैन और बेटे सम्यक जैन, शामिल है,जबकि नवीन जैन घायलों में शामिल हैं. कुल मिलाकर, इस घटना में चार पुरुषों, चार महिलाओं और एक बच्चे की जान चली गई. हालांकि अब तक एक दर्जन से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है, लेकिन आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है.पुलिस के अनुसार, आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंज़िल के अपार्टमेंट्स में फैल गई, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया. इस जानलेवा आग का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है.







