
चाईबासा : कोरोना वायरस के रोकथाम के लिए जिला सदर अस्पताल चाईबासा स्थित आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। सोमवार को उपायुक्त अरवा राजकमल ने समेत अन्य अधिकारियों ने इस वार्ड का अवलोकन किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक इंद्रजीत माहथा, उप विकास आयुक्त आदित्य रंजन, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मंजू दूबे, सदर अनुमंडल पदाधिकारी चाईबासा परितोष कुमार ठाकुर, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी साहिर पॉल, डॉ संजय कुमार कुजूर, डॉ जगन्नाथ हेंब्रम सहित चिकित्सा पदाधिकारी एवं अस्पताल कर्मी उपस्थित थे।
अवलोकन के पश्चात उपायुक्त ने जानकारी दी कि राज्य सरकार के द्वारा जारी निर्देश के आलोक में कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए जिला अंतर्गत चार केंद्रों यानी सदर अस्पताल चाईबासा, चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल, सेल किरीबुरू अस्पताल एवं नोवामुंडी टाटा अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड की स्थापना की गई है। विभाग के द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत आज सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड का अवलोकन किया गया है।इसके साथ ही जिले में दो अन्य केंद्रों (प्रमंडलीय पंचायत प्रशिक्षण संस्थान एवं वनपाल प्रशिक्षण संस्थान) का भी स्थापना किया जा रहा है,जहां पर संदिग्ध वायरस पीड़ित लोगों स्वच्छ वातावरण एवं चिकित्सक की देख-रेख में रखकर जांच करवाया जाएगा एवं जांच उपरांत पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे सदर अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में चिकित्सक की निगरानी में रखा जाएगा।

उपायुक्त अरवा राजकमल के द्वारा जानकारी दिया गया कि अभी तक झारखंड राज्य या चाईबासा जिले में किसी भी वायरस पीड़ित व्यक्ति की सूचना प्राप्त नहीं हुई है लेकिन हम सभी को सतर्क रहने की आवश्यकता है। जिला प्रशासन स्वास्थ्य विभाग के साथ लगातार समन्वय बनाते हुए पूरे मामले पर निगरानी रख रही है। उन्होंने बताया कि सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राज्य के मुख्य सचिव डीके तिवारी के द्वारा जारी पत्र के आलोक में जिले अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों को 14 अप्रैल तक बंद किया गया है एवं आम लोगों से यह अपील की गई है कि वह भीड़-भाड़ वाले इलाके में यथासंभव ना जाएं। उपायुक्त के द्वारा सभी आम जनों से यह अपील की गई है कि संदिग्ध व्यक्ति या वायरस से पीड़ित व्यक्तियों के इलाज में लगे चिकित्सा कर्मी मास्क का आवश्यक रूप से प्रयोग करें।














