
बहरागोड़ा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डाॅ दिनेशानंद गोस्वामी ने बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरा पंचायत के पाथरा तथा पनकीशोल गांव का दौरा किया। पाथरा के ग्रामीणों ने डाॅ गोस्वामी से नायक टोला का सड़क बनवाने, खेतों में सिंचाई हेतु डीप बोरिंग की व्यवस्था करने तथा विधवा व वृद्धावस्था पेंशन दिलवाने जैसी समस्याओं के समाधान के लिए आग्रह किया। डाॅ गोस्वामी ने कहा कि इन पांच वर्षो में केंद्र व राज्य सरकार ने बहरागोड़ा तथा चाकुलिया के विकास के लिए काफी कार्य किया है। परन्तु बहरागोड़ा में भाजपा का विधायक नहीं होने के कारण विकास की रफ्तार तेज नहीं हुई। झामुमो का विकास से कोई वास्ता नहीं है। डाॅ गोस्वामी ने कहा कि भाजपा ही विकास कर सकती है। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। बैठकों को भाजपा नेता प्रवीर भोल, हाबल गिरि तथा कमल कांत सिंह ने भी संबोधित किया।



