हैदराबाद: तेलंगाना के नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस की दो एसी बोगियों में आग लग गई. हालांकि सूचना मिलते ही दमकल कर्मी वहां पहुंचे एवं आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. तीन दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाया गया. इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)
रेल अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के जयपुर के लिए निर्धारित प्रस्थान समय (शाम 7 बजे) से कुछ ही देर पहले ट्रेन के एसी 3-टियर की बी1 एवं बी2 बोगियों में अचानक आग लग गई. दोनों बोगियों से आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद फायर ब्रिगेड कर्मियों को सूचित किया गया. सूचना मिलने पर दमकल कर्मी तुरत स्टेशन पहुंचे और आग बुझाने का काम शुरू कर दिया. तीन दमकलों की मदद से आग पर काबू पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों ने बताया कि एक बड़ा हादसा टल गया, क्योंकि जब आग लगी तब प्रभावित बोगियों के अंदर कोई यात्री मौजूद नहीं था. सतर्क रेल कर्मियों ने आस-पास की बोगियों से यात्रियों को बाहर निकाला एवं इमरजेंसी टीमों को आग बुझाने में मदद की. आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है. रेल अधिकारियों की ओर से इस हादसे की जांच किए जाने की उम्मीद है.







