नई दिल्ली : डेंगू के खिलाफ भारत की लड़ाई मजबूत हो गई है, क्योंकि ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (डीसीजीआइ) की सब्जेक्ट एक्सपर्ट कमेटी ने भारत की पहली डेंगू वैक्सीन क्यूडेंगा (Qdenga) को मंजूरी दे दी है. यह वैक्सीन जल्द ही भारत में आम जनता के लिए उपलब्ध हो जाएगी और हर साल बढ़ने वाले डेंगू के मामलों को रोकने में प्रभावशाली साबित होगी. दिल्ली स्थित श्री बालाजी एक्शन मेडिकल इंस्टीट्यूट में इंटरनल मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ अरविंद अग्रवाल ने क्यूडेंगा की डोज, प्रभावकारिता और टाइमिंग के बारे में बताया है. (नीचे भी पढ़ें)

क्यूडेंगा क्या है और इसकी डोज क्या है?
डॉ अरविंद अग्रवाल ने बताया, क्यूडेंगा एक टेट्रावेलेंट डेंगू वैक्सीन है, जो डेंगू वायरस के सभी चार स्टीरियोटाइप के खिलाफ सुरक्षा देती है. यह बहुत बड़ी खासियत है, क्योंकि एक स्टीरियोटाइप के कारण हुआ इन्फेक्शन दूसरे स्टीरियोटाइप के खिलाफ इम्युनिटी नहीं बनाता और जब दोबारा इन्फेक्शन होता है तो वह काफी गंभीर साबित होता है. इस वैक्सीन को दो डोज के शेड्यूल के साथ लगाया जाएगा. इन डोज के बीच 3 महीने का गैप रखा जाएगा. इसे लगवाने की एक खास एज ग्रुप (संभावित 4 वर्ष से 60 वर्ष) होगी और यह हर किसी को लगाई जा सकती है, चाहे उसे पहले डेंगू बुखार हुआ हो या ना हुआ हो. (नीचे भी पढ़ें)
कौन बनाता है यह वैक्सीन?
क्यूडेंगा जापान की टाकेडा फार्मास्युटिकल कंपनी बनाती है. टाकेडा ने इस वैक्सीन को मार्केट में लाने से पहले सालों तक रिसर्च और क्लीनिकल ट्रायल किया है. कंपनी का मकसद ऐसी वैक्सीन बनाने का था, जो विभिन्न क्षेत्रों की जनता के लिए सुरक्षित और प्रभावी साबित हो सके. भारत में इसका निर्माण हैदराबाद की कंपनी करेगी और इसके आने पर डेंगू का बोझ कम करने में मदद मिलेगी. बता दें कि यह वैक्सीन और भी कई सारे देशों में इस्तेमाल हो रही है. (नीचे भी पढ़ें)

डेंगू से कैसे बचाती है क्यूडेंगा?
डॉ अरविंद अग्रवाल के मुताबिक, क्यूडेंगा वैक्सीन बॉडी के इम्यून सिस्टम को स्टिम्युलेट करती है ताकि वो डेंगू वायरस के चारों स्टीरियोटाइप को पहचानकर लड़ सके. यह वायरस के एक कमजोर प्रकार का इस्तेमाल करती है, जिससे बीमारी विकसित किए बिना वायरस के खिलाफ इम्यून रेस्पॉन्स शुरू हो जाता है. एक बार वैक्सीन लगने के बाद शरीर इस वायरस को पहचानकर उसके खिलाफ एंटीबॉडीज बनाने लगता है और भविष्य में इसके शरीर में घुसने पर वायरस को तुरत मार देता है. (नीचे भी पढ़ें)
यह वैक्सीन इन्फेक्शन के संपर्क में आने और उसके गंभीर होने का खतरा बेहद कम कर देती है. चूंकि, दूसरे स्टीरियोटाइप के कारण दूसरी बार होने वाले इन्फेक्शन के दौरान डेंगू गंभीर रूप दिखाता है, ऐसे में क्यूडेंगा जैसी टेट्रावैलेंट वैक्सीन मजबूत सुरक्षा देने में मदद करती है. क्लीनिकल ट्रायल में क्यूडेंगा ने बढ़िया रिजल्ट दिखाया है. वैक्सीन लगाने के बाद सिम्प्टोमेटिक डेंगू और उसके कारण अस्पताल में भर्ती होने की संभावना में भारी कमी देखी गई है. हालांकि, किसी भी वैक्सीन की प्रभावकारिता व्यक्ति की उम्र, वायरस के पहले संपर्क और फैल रहे स्टीरियोटाइप्स पर निर्भर करती है.











