
घाटशिला : घाटशिला प्रखंड मुख्यालय में अंचलाधिकारी रिंकू कुमार ने कृषि विभाग व राजस्व विभाग के सभी कर्मियों के साथ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के संदर्भ में एक महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में महत्वपूर्ण बातों पर चर्चा करते हुए बताया कि 1 फरवरी 2019 के बाद यदि किसी किसान ने जमीन खरीदी या बेची हो तो उसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं दिया जाना है. अंचलाधिकारी ने उपस्थित जन सेवक, राजस्व कर्मियों, बीटीएम, एटीएम सहित किसान मित्रों को आपसी समन्वय के साथ प्रखंड अंतर्गत प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 3602 आवेदन, जो यूआईडी फेल, रजिस्ट्रेशन कैंसिल, स्व निबंधन एवं कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से निबंधन कराए गए है. की जांच कर प्रतिवेदन कार्यालय को समर्पित करने का निर्देश दिया है. इसके अलावा जो छूटे हुए किसान आवेदन करना चाहते हैं उनका फॉर्म बी में वंशावली ग्राम प्रधान और मुखिया का हस्ताक्षर और फॉर्म डी स्वघोषणा पत्र हस्ताक्षर करवाकर ऑनलाइन के माध्यम से आवेदन लेने की बात कही है. बैठक में प्रखंड कृषि पदाधिकारी पतित पावन घोष, दिलीप कुमार बारिक, अंचल निरीक्षक पंकज कुमार समेत सभी जनसेवक, राजस्व कर्मचारी, एटीएम, बीटीएम समेत अन्य उपस्थित थे.







