जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के गोलचक्कर के पास मंगलवार देर रात आयरन गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल खासमहल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है. जानकारी के अनुसार, ट्रेलर जुगसलाई गोलचक्कर से मुड़ रहा था. (नीचे भी पढ़ें)
इसी दौरान अचानक उसका एक टायर फट गया. टायर फटने के बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रेलर सड़क पर पलट गया. दुर्घटना के समय ट्रेलर में आयरन गिट्टी लदी हुई थी. हादसे में खलासी को गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद ट्रेलर का चालक मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर जुगसलाई पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार चालक की जानकारी जुटाने में लगी है.




