
गुड़ाबांदा : गुड़ाबांदा प्रखंड के सिंहपुर चौक पर निर्मित सामुदायिक शौचालय ग्रामीणों के लिए दर्शन की वस्तु बनकर रह गया है. शौचालय में ताला बंद है और शौचालय के सामने झाड़ियां उग आयी हैं. इससे साफ है कि शौचालय का प्रयोग ग्रामीणों ने नहीं किया है. विदित हो की सिंहपुरा में साप्ताहिक हाट लगता है. हाट में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ती है. सिंहपुरा चौक पर अक्सर लोगों का आना जाना लगा रहता है. ग्रामीणों ने कहा कि शौचालय के निर्माण के पश्चात कभी खुला ही नहीं. इस कारण ग्रामीण शौचालय का प्रयोग नहीं कर पाये हैं. उन्होंने कहा कि शौचालय में बिजली का संयोजन नहीं हुआ है, जिस कारण शौचालय में लगा मोटर नहीं चलता है. पानी की व्यवस्था नहीं है, जिस कारण लाखों की लागत से निर्मित शौचालय ग्रामीणों के लिए दर्शन की वस्तु बन कर रह गया है. इस संबंध में गुड़ाबांदा की बीडीओ सीमा कुमारी ने कहा कि शौचालय में बिजली का संयोजन नहीं हुआ है. इसकी सूचना उन्हें नहीं है. उन्होंने कहा कि जल्द ही विभाग के पदाधिकारी से बात कर शौचालय में बिजली का संयोजन करवा कर शौचालय खोलने की दिशा में पहल की जाएगी.







