
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची स्थित होटल कैनेलाइट के निदेशक मिथेलेश झा की सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी, जबकि उनके दो पार्टनर गंभीर रूप से घायल हैं. घटना मंगलवार सुबह की है. यह दुर्घटना छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में हुई. जानकारी के अनुसार मिथिलेश झा अपने दो अन्य पार्टनर निर्मल दीप व विनोद सिंह के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रायगढ़ गये थे. वहां से मंगलवार की सुबह वह सड़क मार्ग से जमशेदपुर लौट रहे थे. लौटने के क्रम में सुबह रायगढ़ के पास ही उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. दुर्घटना में मिथिलेश झा की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि उनके पार्टनर निर्मल दीप व विनोद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. जानकारी के अनुसार निर्मल दीप की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है. घटना की खबर मिलते ही जमशेदपुर में शोक की लहर दौड़ गयी है. जानकारी मिलने के बाद होटल के मैनेजर व मिथिलेश झा के परिजन रायगढ़ के लिए रवाना हो गये हैं.















