
जमशेदपुर : दुर्गापूजा, दिवाली तथा छठ पर्व मनाने के लिए बड़ी संख्या में पूर्वी सिंहभूम जिलेवासी बाहर गए जो अब वापस लौटने लगे हैं। ऐसे में जनसाधारण को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी सूरज कुमार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा रेलवे स्टेशन तथा प्रखंडवार कोविड-19 जांच के लिए सघन अभियान चलाये जाने का निर्णय लिया गया है। रेल से आने वाले आगंतुकों की स्टेशन परिसर में ही कोरोना जांच के लिए पालिवार 30 एएनएम एवं 30 एमपीडब्ल्यू की प्रतिनियुक्ति 23 नवम्बर से 30 नवम्बर तक की गई है, जो सभी यात्रियों की कोरोना जांच सुनिश्चित करेंगे। (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
साथ ही प्रखंडों में चलाये जाने वाले जांच अभियान हेतु एसीएमओ सह डीएसओ डॉ साहिर पाल ने जानकारी दी की 23 नवम्बर से सभी प्रखंडों में 150 आरटीपीसीआर तथा 50 Truenat जांच का लक्ष्य दिया गया है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोरोना संक्रमण से आम जनता को सुरक्षित रखा जा सके। उपायुक्त सूरज कुमार ने अपील की है कि बाहर से आने वाले आगंतुक जिला प्रशासन द्वारा चलाए जाने वाले जांच अभियान में आवश्यक सहयोग करें, ताकि उन्हें एवं उनके परिवारजनों तथा समस्त जिलेवासियों को कोरोना संक्रमण से मुक्त रखा जा सके। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सभी सुरक्षात्मक उपाय अपनाते रहें। मास्क अवश्य पहनें तथा नियमित अंतराल में अपने हाथों को साबुन से धोएं या सैनिटाइज करते रहें।







