
जमशेदपुर : आज सावन की तीसरी सोमवारी है. वैसे तो कोविड प्रोटोकॉल के तहत राज्य भर के शिवालयों में केवल पारंपरिक पूजा- पाठ की ही अनुमति दी गई है, बावजूद इसके शिवभक्त कहां माननेवाले जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर स्थित शिवालय में सूर्य मंदिर कमेटी (सरयू राय गुट) की ओर से बाबा भोले का जलाभिषेक कर शिवभक्तों ने कोरोना महामारी से निजात दिलाने की कामना की. वैसे सूर्य मंदिर की रघुवर दास गुट की कमिटी ने जलाभिषेक यात्रा को इस साल भी स्थगित कर दिया है. आपको बता दें कि हर साल यहां बड़े पैमाने पर हजारों की संख्या में शिवभक्त नदी से जल उठाकर पहुंचते थे और बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करते थे, मगर बीते दो साल से कोरोना महामारी के कारण बड़े पैमाने पर जलाभिषेक नहीं हो रहा है. यह आयोजन रघुवर दास की कमिटी करती थी. इस साल भी केवल सूर्य मंदिर की सरयू राय गुट की कमेटी के सदस्यों द्वारा बाबा भोले का जलाभिषेक किया गया और वैश्विक महामारी से निजात दिलाने की कामना की गई. खुद चन्द्रगुप्त सिंह, संजीव आचार्या समेत अन्य लोगों ने यहां पूजा अर्चना की. मंदिर कमेटी सरयू राय गुट की ओर से चौथे और पांचवें सोमवारी को भी जलाभिषेक करने एवं शिव भक्तों के बीच प्रसाद वितरण करने का निर्णय लिया गया.













