जमशेदपुर : जमशेदपुर के टेल्को थाना अंतर्गत प्लाजा स्थित भुवनेश्वर मंदिर के पास शुक्रवार सुबह ब्रेक फेल होने के कारण एक स्कूल वैन (संख्या जेएच05बीसी 7076) अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई. हादसे में वैन में सवार करीब 10 बच्चे घायल हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला. (नीचे भी पढ़ें)

सभी घायल बच्चों को इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाया गया. घायल बच्चों में दियांश चौधरी, रोहिएड, आकाश, आयुष, रुद्रांश, आभान, अगिस, तृष्टी, ज्याद शामिल हैं. जानकारी के अनुसार, घायल बच्चों में तीन की स्थिति गंभीर बताई जा रही है. अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में बच्चों का इलाज किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जा रहा है कि स्कूल वैन बच्चों को लेकर जा रही थी. इसी दौरान अचानक वैन का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वैन डिवाइडर पर चढ़ गई. हादसे की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन का जायजा लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है. वहीं, बच्चों के घायल होने की खबर मिलते ही उनके परिजन भी टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचे. घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.




