जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के गुलाब बाग फेज-2 में गुरुवार रात युवक को जबरन अपने साथ ले जाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद युवक की मां शबाना खातून अपने बेटे अमीर हमजा के साथ मानगो थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. शबाना खातून ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे अमीर हमजा को गुलाब बाग फेज-2 में बंगाल स्वीट्स के पास से कुछ लोग जबरन अपने साथ ले गए. आरोप है कि उसे गौशिया मैदान, ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-5 की ओर ले जाकर बुरी तरह पीटा गया. बेटे के अपहरण की जानकारी मिलने के बाद शबाना खातून उसके एक दोस्त के साथ उसकी तलाश में निकलीं. इस दौरान गुलाब बाग फेज-1 में फरहान नामक युवक अमीर हमजा को उनके पास लेकर आया. शबाना का आरोप है कि फरहान के साथ वकार पठान, जीशान, अमन, अयान और अरमान भी शामिल थे और इन लोगों ने गौशिया मैदान में उनके बेटे के साथ मारपीट की. (नीचे भी पढ़ें)

शबाना खातून के मुताबिक, जब उन्होंने अपने बेटे को बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई. वहीं, अमीर हमजा के दोस्त के साथ भी मारपीट की गई, जिसमें उसके सिर में गंभीर चोट आई है. घायल का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. घटना को लेकर शबाना खातून गुरुवार रात अपने बेटे अमीर हमजा के साथ मानगो थाना पहुंचीं और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पूरा विवाद पुराने विवाद और रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




