जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के एडीएलएल स्कूल के पास गुरुवार की दोपहर तेज़ रफ्तार बाइक से जा रहे दो युवकों ने सड़क पार कर रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गयी. हादसे में दोनों बाइक सवार भी घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल की छुट्टी के समय और उसके बाद इस मार्ग पर अक्सर तेज़ रफ्तार बाइक और कारें दौड़ाई जाती हैं. एडीएलएस स्कूल के आसपास बच्चों, अभिभावकों और राहगीरों की आवाजाही अधिक रहती है, इसके बावजूद कई युवक तेज रफ्तार और स्टंटबाजी से बाज नहीं आते. गुरुवार को भी बाइक सवार अत्यधिक गति में थे और महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला. घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने घायल महिला और बाइक सवारों की पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज़ रफ्तार और लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है.



