
जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना अंतर्गत केबुल कंपनी के पास सोमवार सुबह 6 बजे एक तेज़ रफ़्तार बाइक पेड़ से जा टकराई. घटना के बाद बाइक सवार दो युवक घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना पाकर गोलमुरी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया. मृतक का नाम शरफराज खान बताया जा रहा है, वह परसुडीह के मखदुमपुर का रहने वाला है जबकि घायल सोना री बुधराम मोहल्ला का योगेश्वर निषाद है, उसका इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने शरफराज़ के शव को एमजीएम अस्पताल के शव गृह मे रखवा दिया है. दोनों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार दोनों एक बाइक पर सवार होकर शादी समारोह से लौट रहे थे. केबुल कंपनी के पास तेज़ रफ्तार में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई जिससे बाइक पेड़ से जा टकराई.











