जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जुबिली पार्क के सामने गोलचक्कर के पास बुधवार सुबह करीब 9 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया. तेज रफ्तार दो कारों के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर के बाद एक कार करीब 500 मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गई. हालांकि दोनों कारों के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया और कार सवार लोगों की जान बच गई. हादसे में शामिल वाहनों में एक किआ कार (जेएच03एफ761) और दूसरी मारुति सुजुकी ब्रेजा (जेएच05डीएच4339) शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)
दुर्घटना में दोनों वाहनों में सवार कई लोग घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है.







