जमशेदपुर : जमशेदपुर से शिक्षकों एवं छात्रों को लेकर जा रही नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस से सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. यह घटना सुबह करीब 7:30 बजे हाता चौक पर हुई, जहां बस की चपेट में आने से एक साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसा इतना भयावह था कि मृतक को लगभग 20 फीट तक साइकिल सहित घसीटा गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस गंगाडीह स्थित विद्यालय परिसर से निकलकर हाता की ओर जा रही थी. इसी दौरान जुड़ी गांव निवासी 40 वर्षीय परिमल गोप, जो पेशे से मजदूर थे, साइकिल से मजदूरी करने हांसल की ओर जा रहे थे. जैसे ही वे हाता चौक पहुंचे, तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद बस कुछ दूरी तक साइकिल को घसीटते हुए आगे बढ़ गई, जिससे परिमल गोप की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. (नीचे भी पढ़ें)

हादसे की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए. आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर पोटका पुलिस को शव उठाने नहीं दिया. परिजनों का कहना था कि परिमल गोप परिवार के इकलौते कमाने वाले थे. उनका एक 14 वर्षीय बेटा है और उनकी मौत से परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. परिजनों ने स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजे और सहायता की मांग की. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलते ही पोटका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की बस को जब्त कर लिया है और चालक से पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है. ग्रामीणों ने हाता चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.











